StateNewsदेश - विदेश

सड़क हादसा: ऑटो-ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 6 घायल

दिल्ली। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा ऑटो-रिक्शा और ट्रक की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 8 बजे सतवार एक्स रोड पर हुआ। ऑटो में ड्राइवर के अलावा 11 महिलाएं सवार थीं। सभी महिलाएं कर्नाटक के बीदर की रहने वाली कृषि मजदूर थीं। वे दिनभर काम करने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान ऑटो की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक और पांच महिलाओं की मौत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर महिलाओं का सामान बिखर गया। कई घायल महिलाएं सड़क किनारे बैठकर रोती नजर आईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जहीराबाद और संगारेड्डी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।

तेलंगाना में पहले भी हुआ था दर्दनाक हादसा

इससे पहले 10 अगस्त को रंगारेड्डी जिले में भी सड़क हादसे में 47 वर्षीय रिटायर्ड आर्मी जवान रविंदर की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे हैदर्शाकोट इलाके में रविंदर बाइक से जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार XUV ने उनकी बाइक समेत तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी।

हादसे में रविंदर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए। घटना के बाद XUV चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button