जेल में प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल-पेन ड्राइव, CCB की छापेमारी से मचा हड़कंप; जेल अफसर पर गिरी गाज

बेंगलुरु। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में मंगलवार को सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने छापेमारी की। इस दौरान जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास से मोबाइल फोन और पेन ड्राइव बरामद होने की जानकारी सामने आई है। जेल DGP अलोक कुमार ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। मामले के बाद जेल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है।
जेल DGP के मुताबिक, छापेमारी के बाद CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान जेल के अंदर रेवन्ना तक कैसे पहुंचा। मामले में सेंट्रल जेल के SP को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों से इस मामले में जवाब मांगा गया है।
प्रज्वल रेवन्ना जनता दल (सेक्युलर) के विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। वह रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
अगस्त 2025 में सुनाई गई थी उम्रकैद की सजा
प्रज्वल रेवन्ना के परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 वर्षीय महिला ने अप्रैल 2024 में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया था कि रेवन्ना ने 2021 से उसके साथ कई बार रेप किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो लीक करने की धमकी दी।
मामले में कोर्ट ने 18 जुलाई 2025 को सुनवाई पूरी की थी। रेवन्ना के खिलाफ रेप, ताक-झांक, आपराधिक धमकी और अश्लील तस्वीरें लीक करने समेत कई धाराओं में आरोप तय किए गए थे। 1 अगस्त 2025 को पीपुल्स रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पेशल कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराया। अगले दिन 2 अगस्त को उम्रकैद की सजा सुनाई गई और 11.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसमें से 11.25 लाख रुपए पीड़ित को देने का निर्देश दिया गया था।
सोशल मीडिया पर सामने आए थे 2 हजार से ज्यादा वीडियो
पिछले साल प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े 2 हजार से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आए थे। विवाद के बाद उन्हें JDS ने पार्टी से निलंबित कर दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कर्नाटक की हासन सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
रेवन्ना के खिलाफ रेप के तीन अन्य मामले भी चल रहे हैं, जिनकी सुनवाई अभी बाकी है। वहीं, जेल में मोबाइल और पेन ड्राइव मिलने के मामले की जांच जारी है।





