StateNewsदेश - विदेश

इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, लैंडिंग से पहले फेल हुआ बायां इंजन; 224 यात्री सुरक्षित

चेन्नई। चेन्नई एयरपोर्ट पर मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के बाएं इंजन में लैंडिंग से ठीक पहले खराबी आ गई।

पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। विमान में सवार सभी 224 लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 को मंगलवार रात 9:15 बजे कोलकाता से चेन्नई के लिए रवाना होना था, लेकिन करीब 25 मिनट की देरी के बाद यह रात 9:39 बजे उड़ान भर सकी। विमान को रात करीब 11:30 बजे चेन्नई पहुंचना था।

चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले पायलट को विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत ATC को अलर्ट किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 11:29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को भी सक्रिय कर दिया गया।

फ्लाइट ने रात 11:37 बजे रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के जमीन पर उतरते ही यात्रियों और एयरपोर्ट अधिकारियों ने राहत की सांस ली। करीब 10 मिनट बाद रात 11:47 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई।

फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने कोलकाता से रात 9:39 बजे उड़ान भरी और रात 11:37 बजे चेन्नई में लैंड किया। घटना के बावजूद एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ और अन्य उड़ानों की आवाजाही जारी रही।

अधिकारियों ने विमान के बाएं इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इंजन में किस तरह की समस्या आई थी और उड़ान के दौरान यह खराबी किस वजह से हुई।

Related Articles

Back to top button