ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुहेला को 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 20 साल पुरानी मांग पूरी; खुलेगा सरकारी कॉलेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में 459 करोड़ 45 लाख रुपए के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 316 करोड़ 55 लाख रुपए के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ किया। इससे क्षेत्र के लोगों की करीब 20 साल पुरानी मांग पूरी हो गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकास और जनकल्याण के लिए काम कर रही है। सरकार बनने के 24 घंटे के भीतर 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन, चरण पादुका और श्रीरामलला दर्शन जैसी योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है।

सुशासन के लिए हेल्पलाइन और डिजिटल सेवाएं

सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 चौबीसों घंटे संचालित है। इसके जरिए नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। सेवा सेतु पोर्टल पर करीब 700 सरकारी सेवाएं उपलब्ध हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं।

धान 3100 रुपए में खरीद रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। कृषक उन्नति योजना में भी संशोधन किया गया है, ताकि कम उत्पादन की स्थिति में किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से अंतर की राशि मिल सके।

सुहेला में इन निर्माण कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने सुहेला में मांगलिक भवन के लिए एक करोड़ रुपए, महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए, 20 स्कूलों में प्रार्थना शेड के लिए 2 करोड़ रुपए और बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।

भूमिपूजन के प्रमुख कार्यों में 88.68 करोड़ रुपए का लटुआ-पनगांव बायपास, 23.11 करोड़ रुपए की लागत से सुहेला तिराहे पर सड़क, डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था तथा हथबंद-जांगड़ा सड़क निर्माण शामिल हैं। वहीं 65.41 करोड़ रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण सहित कई कार्यों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से हितग्राहियों को चेक, बीज, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कौशल विकास कार्यक्रम के तहत 53 युवाओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button