ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती: 20 नवंबर से आवेदन शुरू, 4 दिसंबर शाम 5 बजे तक जमा कर सकेंगे फॉर्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इसके लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 4 दिसंबर 2026 तय की गई है। इस दिन शाम 5 बजे तक ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

5 संभागीय कार्यालयों में जमा होंगे आवेदन

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा में स्वीकार किए जाएंगे। सभी कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन जमा करने की व्यवस्था रहेगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। अंतिम तारीख के बाद पहुंचने वाले आवेदनों पर भी विचार नहीं किया जाएगा।

एक आवेदन सभी संभागों के लिए मान्य

भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को हर जिले या संभाग में अलग-अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है। एक ही आवेदन पत्र सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य होगा।

वेबसाइट पर देखें पात्रता और चयन प्रक्रिया

भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन का प्रारूप लोक शिक्षण संचालनालय की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी इसी वेबसाइट से शैक्षणिक योग्यता, अन्य जरूरी पात्रता और आवेदन संबंधी शर्तों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

विभाग ने बताया है कि आवेदन अमान्य होने, मेरिट सूची जारी करने, चयन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़ी अन्य सूचनाएं भी वेबसाइट पर ही प्रकाशित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है। भर्ती संबंधी सूचनाओं के लिए अलग से पत्राचार नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button