दक्षिण कोरिया में रोबोटिक्स का हुनर दिखाएंगे रायपुर के दो छात्र: नेशनल चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल कर पहुंचे इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल में

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो स्कूली विद्यार्थी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी प्रतिभा दिखाएंगे।
रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं के छात्र पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 28 और 29 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। दोनों विद्यार्थी इसमें भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में दोनों विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों के बीच हासिल किया मुकाम
पराक्रम और मोहम्मद गौस ने नेशनल चैंपियनशिप-2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। नौ श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार का प्रदर्शन किया। इनमें से 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया।
ऐसे काम करता है लाइन फॉलोअर रोबोट
LEGO Line Follower श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो तय ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसी दिशा में आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता जरूरी होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बच्चों की बढ़ती रुचि उत्साहजनक है। राज्य सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने दोनों छात्रों को दक्षिण कोरिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी।





