बाइक पर बांधकर जलाया गया युवक का शव मिथिलेश वर्मा का होने की आशंका, एक महीने पहले चोरी हुई थी गाड़ी

16 नवंबर से लापता था मुंगेली का युवक; हाथ-पैर और सिर जीआई तार से बांधे थे, वारदात में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र के शिवतराई में बाइक पर बंधे जले हुए शव के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। मृतक की पहचान मुंगेली निवासी मिथिलेश वर्मा के रूप में हुई है।
वह 16 नवंबर से लापता था। हालांकि, परिजनों ने फिलहाल शव की पहचान की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए इसकी पुष्टि करने में जुटी है। जिस बाइक पर शव को बांधकर जलाया गया था, वह करीब एक महीने पहले मुंगेली जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी।
हाथ-पैर और सिर को तार से बांधा था
18 नवंबर की शाम शिवतराई में मुख्य मार्ग से करीब 50 मीटर अंदर मेन स्टैंड पर खड़ी बाइक में युवक का करीब 90 प्रतिशत जला हुआ शव मिला था। उसके हाथ-पैर और सिर को जीआई तार से बाइक के अलग-अलग हिस्सों में बांधा गया था।
शव के ऊपर लकड़ियों और झाड़ियों का ढेर लगाकर आग लगाई गई थी। मौके से पुलिस को सीजी 25 और सीजी 10 नंबर की दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली थीं।
चोरी की बाइक से मिला सुराग
जांच में पता चला कि बाइक मुंगेली के एक बुजुर्ग के नाम पर रजिस्टर्ड है और करीब एक महीने पहले जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस मृतक और वारदात के बीच कड़ियां जोड़ रही है।
कई एंगल से जांच कर रही पुलिस
फोरेंसिक टीम के मुताबिक, बारिश के कारण घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने में परेशानी हुई। पुलिस को वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुरानी रंजिश, प्रेम संबंध सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।




