ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दिल्ली से लौटे CM साय बोले- व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ी उत्पादों की मांग, 26 नवंबर का जनदर्शन टल सकता है

भारत मंडपम में कोसा, बेल मेटल और टेराकोटा के स्टॉल; संविधान दिवस के कारण जनदर्शन की तारीख बदलने के संकेत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार शाम दिल्ली से रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को देश-दुनिया में पहचान मिल रही है। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर लगाए गए स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेले में कोसा वस्त्र, बेल मेटल, हथकरघा से बने कपड़े, टेराकोटा और पारंपरिक हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर देते हैं। स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों का उत्साह प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है।

विश्व बैंक की रिपोर्ट का श्रेय PM मोदी को दिया

विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए सीएम साय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताते हुए उनके प्रति आभार जताया।

संविधान दिवस के कारण जनदर्शन की तारीख बदल सकती है

मुख्यमंत्री ने 26 नवंबर को प्रस्तावित जनदर्शन कार्यक्रम को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने कहा कि इस दिन संविधान दिवस है। ऐसे में जनदर्शन कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, तारीख में बदलाव को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री निवास में 26 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक जनदर्शन आयोजित करने की जानकारी दी गई थी। अब संविधान दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए इसकी नई तारीख तय होने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button