ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

3 तूफानों से 80% किसान प्रभावित, सरकार ने सर्वे तक नहीं कराया: दीपक बैज

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले- किसानों का कर्ज माफ करे सरकार; धान खरीदी केंद्रों में भीग रही फसल, मुआवजे की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को रायपुर के राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि पिछले 24 दिनों में प्रदेश में तीन तूफान आए हैं। इससे करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार ने अब तक नुकसान का सर्वे नहीं कराया है।

बैज ने कहा कि कई इलाकों में खेतों में खड़ी और काटकर रखी फसल बर्बाद हुई है। धान खरीदी केंद्रों में भी धान भीग रहा है। बस्तर में बाढ़ जैसे हालात बने और लाखों हेक्टेयर में फसल खराब होने की स्थिति है। किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी लागत और मेहनत दोनों पर पानी फेर दिया।

पटवारी हड़ताल पर, सर्वे कौन करेगा?

बैज ने सवाल उठाया कि पटवारी हड़ताल पर हैं तो फसल नुकसान का सर्वे कौन करेगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार केवल मुंह से सर्वे कर रही है। कांग्रेस ने प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने और नुकसान के अनुरूप मुआवजा देने की मांग की। धान खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा किसानों से धान खरीदने की नहीं दिख रही है।

छत्तीसगढ़ के अपमान के मामले में कार्रवाई की मांग

बैज ने छत्तीसगढ़ की बोली, भाषा और संस्कृति के अपमान से जुड़े वीडियो के मामले में भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मधुबाला गिरी के वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन महामंत्री मलकीत सिंह और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे। कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश की अस्मिता और किसानों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

Related Articles

Back to top button