CGPSC परीक्षा 2026 का विज्ञापन अटका, पहली बार टूटी संविधान दिवस पर जारी करने की परंपरा; जीरो ईयर का खतरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को इस बार बड़ा झटका लगा है। संविधान दिवस पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सिविल सेवा परीक्षा 2026 का विज्ञापन जारी नहीं किया। 2012 से लगातार हर साल परीक्षा आयोजित होने के बाद पहली बार विज्ञापन जारी करने की परंपरा टूटी है। इससे अभ्यर्थियों के बीच इस साल परीक्षा नहीं होने यानी जीरो ईयर की आशंका बढ़ गई है।
अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से अटका विज्ञापन
परीक्षा का विज्ञापन जारी नहीं होने की प्रमुख वजह आयोग में अध्यक्ष का पद खाली होना बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार ने 2008 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कावरे के नाम पर सहमति जताई है। नियुक्ति से जुड़ी फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेजी गई है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद नियुक्ति आदेश जारी होने की उम्मीद है। कावरे अध्यक्ष नियुक्त होते हैं तो वे मई 2028 तक इस पद पर रह सकते हैं।
2012 से हर साल हो रही थी परीक्षा
CGPSC का गठन 23 मई 2001 को हुआ था। राज्य सिविल सेवा परीक्षा का पहला विज्ञापन 2003 में जारी हुआ था। इसके बाद 2005 और 2008 में परीक्षा आयोजित की गई। शुरुआती वर्षों में परीक्षा नियमित नहीं थी, लेकिन 2012 से इसे हर साल आयोजित किया जाने लगा। आयोग के गठन के बाद अब तक 17 बार राज्य सिविल सेवा परीक्षा हो चुकी है।
अभ्यर्थियों को सता रही जीरो ईयर की चिंता
संविधान दिवस पर विज्ञापन जारी नहीं होने से हजारों अभ्यर्थियों की तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर असर पड़ने की आशंका है। युवाओं को अब अध्यक्ष की नियुक्ति और आयोग की अगली घोषणा का इंतजार है। यदि जल्द विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो इस साल परीक्षा आयोजित होने पर सवाल खड़े हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक परीक्षा रद्द करने या जीरो ईयर घोषित करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।





