ChhattisgarhStateNewsदेश - विदेश

नौकरी का झांसा देकर 164 विदेशी नागरिकों को बनाया बंधक: पासपोर्ट जब्त कर कराते थे साइबर ठगी, 40 कैब से रोज कॉल सेंटर भेजते थे

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में नौकरी देने के नाम पर विदेश से बुलाए गए 164 नागरिकों को बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने का मामला सामने आया है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को नोएडा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर सेक्टर-136 स्थित एक अवैध कॉल सेंटर से सभी को मुक्त कराया। आरोप है कि विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए थे और उन्हें जबरन ऑनलाइन ठगी के काम में लगाया गया था।

पुलिस के मुताबिक, इनमें इंडोनेशिया और मलेशिया के नागरिक शामिल हैं। सभी छह महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। उन्हें सेक्टर-128 के शाहपुर गोवर्धनपुर स्थित स्काई होम पीजी में रखा गया था। यहां साइबर ठगी की ट्रेनिंग देने के बाद करीब 40 कैब से रोजाना सेक्टर-136 स्थित कॉल सेंटर पहुंचाया जाता था।

फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म से करते थे ठगी

जांच में जेंटट्रिक्स और क्वांटवोरो जैसे फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म और APK आधारित ऐप के इस्तेमाल की जानकारी मिली है। कॉल सेंटर से 355 मोबाइल फोन, 175 से ज्यादा डेस्कटॉप और लैपटॉप, कई सिम कार्ड और करीब 175 पासपोर्ट जब्त किए गए हैं।

मलेशियाई नागरिक गिरफ्तार, दो भारतीय फरार

पुलिस ने मामले में मलेशियाई नागरिक विलियम उर्फ तन गुआन वेई (25) को गिरफ्तार किया है। वहीं, भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार की तलाश की जा रही है।

जांच में पीजी संचालक सुशील भाटी और प्रबंधक सुनील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि विदेशी नागरिकों को ठहराने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी गई और अनिवार्य सी-फॉर्म भी नहीं भरा गया। सेक्टर-126 थाने में दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

नियम के मुताबिक, होटल, पीजी या गेस्ट हाउस में विदेशी नागरिक के ठहरने पर संचालक को सी-फॉर्म भरना जरूरी होता है। पुलिस अब मानव तस्करी, साइबर ठगी और विदेशी नागरिकों को भारत बुलाने वाले एजेंटों के नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button