केजरीवाल का ‘शीशमहल’ आज से आम लोगों के लिए खुलेगा: ₹20 में देख सकेंगे बंगला, 9 साल परिवार के साथ रहे थे AAP प्रमुख

दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी बंगला शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। पहले यहां मीडिया टूर कराया जाएगा।
इसके बाद आम लोग टिकट लेकर बंगले को अंदर से देख सकेंगे। प्रवेश शुल्क 20 रुपए रहने की संभावना है। वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।
दिल्ली के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित इस बंगले में केजरीवाल 2015 से 2024 तक मुख्यमंत्री रहते हुए परिवार के साथ रहे थे। भाजपा ने बंगले के रेनोवेशन पर हुए भारी खर्च को लेकर इसे ‘शीशमहल’ नाम दिया था। प्रवेश वर्मा ने इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया कि सादगी की बात करने वाले केजरीवाल ने कई मकानों को गिराकर आलीशान आवास तैयार कराया।
रेनोवेशन पर खर्च हुए 33.66 करोड़ रुपए
दिल्ली विधानसभा में पिछले साल पेश CAG रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपए खर्च किए गए। यह शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपए से करीब 342% ज्यादा था। इसमें लगभग 18.88 करोड़ रुपए महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च किए गए। रिपोर्ट में नियमों की अनदेखी और लागत बढ़ने जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया गया है।
CBI कर रही मामले की जांच
बंगले के रेनोवेशन में कथित गड़बड़ियों की जांच 2022 में तत्कालीन उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर शुरू हुई थी। भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर मामले में CBI जांच भी जारी है।
सरकार की योजना फिलहाल बंगले को कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने की है। इसके बाद इसे निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकेगी। बंगले की देखभाल के लिए फिलहाल करीब 10 कर्मचारी तैनात हैं।





