धमतरी में 4 गोदामों पर छापा, 245 क्विंटल धान जब्त: नगरी में बिना वैध दस्तावेज मिला स्टॉक; राइस मिल और धान कुटाई केंद्र पर कार्रवाई

समर्थन मूल्य पर खरीदी के बीच प्रशासन की जांच, 614 कट्टा धान पकड़ा; मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और धान खपाने की आशंका को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है।
धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर 614 कट्टा धान जब्त किया है। इसकी कुल मात्रा 245.60 क्विंटल है।
जांच के दौरान भंडारण से जुड़े दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
गोदामों में दस्तावेजों का नहीं मिला मिलान
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम ने नगरी क्षेत्र के धान भंडारण स्थलों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गोदामों में रखे धान की मात्रा का दस्तावेजों और अभिलेखों से मिलान किया गया।
नियमों के मुताबिक जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने और भंडारण में अनियमितता सामने आने पर टीम ने धान जब्त किया।
सबसे ज्यादा धान गट्टासिल्ली की मिल से मिला
जांच में बेलरगांव स्थित भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा यानी 32.40 क्विंटल धान जब्त किया गया। गट्टासिल्ली के एसके फूड्स मिल से 233 कट्टा यानी 93.20 क्विंटल और सफीका धान कुटाई केंद्र से 140 कट्टा यानी 56 क्विंटल धान मिला।
वहीं, गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज के गोदाम से 160 कट्टा यानी 64 क्विंटल धान जब्त किया गया। चारों प्रतिष्ठानों से कुल 614 कट्टा धान मिला। जब्त धान को संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में रखा गया है। कार्रवाई में भानुराम साहू, आसिफ मेमन, जावेद मेमन और जमीला बानो के नाम सामने आए हैं।
अवैध धान खपाने वालों पर नजर
प्रशासन समर्थन मूल्य पर खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनधिकृत परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। इसके लिए खरीदी केंद्रों के साथ राइस मिलों, गोदामों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



