बिजली बिल मांगने पहुंचे इंजीनियर को पीटा: जशपुर में ढाबा संचालक पिता-बेटे गिरफ्तार

बकाया वसूली के दौरान हुआ विवाद; लकड़ी के डंडे से हमला कर सिर और कंधे पर पहुंचाई चोट, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर पर ढाबा संचालक और उसके बेटे ने हमला कर दिया। करीब 1 लाख 67 हजार रुपए के बकाया बिल को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र ने इंजीनियर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। हमले में इंजीनियर के सिर और कंधे पर चोट आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवडांड़ स्थित मामा ढाबा का है। जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर को बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर भूपेंद्र राठौर अपनी टीम के साथ ढाबे में बकाया बिल की वसूली करने पहुंचे थे। विभाग के अनुसार, ढाबे पर करीब 1.67 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया था। इसी रकम को लेकर ढाबा संचालक पंखरासियुस तिर्की ने विवाद शुरू कर दिया। कुछ देर बाद उसका बेटा सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया।
लकड़ी के डंडे से हमला करने का आरोप
आरोप है कि पिता और बेटे ने इंजीनियर के साथ गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के डंडे और अन्य वस्तुओं से मारपीट की। हमले में भूपेंद्र राठौर के सिर और कंधे पर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इंजीनियर ने बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पंखरासियुस तिर्की और उसके बेटे सोमल तिर्की को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





