क्रिकेट के बाद टीवी पर नया अवतार दिखाएंगे रोहित शर्मा, ‘द रोहित शर्मा शो’ में करेंगे

दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर अपनी धाक जमाने के बाद भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा अब टीवी की दुनिया में नया अंदाज दिखाने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित जल्द ही ‘द रोहित शर्मा शो’ को होस्ट करते नजर आ सकते हैं। यह शो सोनी लिव पर स्ट्रीम होने की बात कही जा रही है। शो का टीजर भी सामने आ चुका है, जिसमें रोहित कैमरे के सामने अपने खास अंदाज में नजर आते हैं।
शो के फॉर्मेट को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, SonyLIV के प्रीव्यू पेज पर इसे रियलिटी शो के तौर पर लिस्ट किए जाने की जानकारी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह अमेरिकी गेम शो ‘फैमिली फ्यूड’ के भारतीय रूपांतरण की तर्ज पर हो सकता है। इसमें दो परिवार गेम में हिस्सा लेते नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शो की शूटिंग सितंबर से शुरू हो सकती है और अक्टूबर में इसका प्रसारण किया जा सकता है। रोहित इस प्रोजेक्ट पर करीब छह महीने काम कर सकते हैं और हर सप्ताह एक एपिसोड प्रसारित होने की संभावना है। शो फरवरी 2027 तक चल सकता है।
इससे पहले मई में शो से जुड़ा एक प्रोमो भी सामने आया था। इसमें रोहित अपने फैंस के साथ बातचीत करते दिखाई दिए थे। फैंस ने उनसे उनका मशहूर डायलॉग दोहराने की मांग की, जिसके बाद रोहित मजाकिया अंदाज में नजर आए। इससे संकेत मिलता है कि शो में दर्शकों को मैदान के बाहर रोहित का हल्का-फुल्का और मजेदार अंदाज देखने को मिल सकता है।
कई बड़े ब्रांड्स का चेहरा रह चुके हैं रोहित
रोहित शर्मा टीवी और विज्ञापन की दुनिया के लिए नए नहीं हैं। वह एडिडास, जियो, CEAT, थम्स अप, ओरल-बी, बॉर्नविटा, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और भारतपे जैसे कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा वह ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में भी दो बार दिखाई दे चुके हैं।
क्रिकेट की बात करें तो रोहित ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह टेस्ट और T20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं, जबकि वनडे क्रिकेट में खेल रहे हैं। जुलाई 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रन की शानदार पारी खेली और लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय पुरुष बल्लेबाज बने।





