3 मानसूनी सिस्टम से बिगड़ा मौसम, MP-राजस्थान में भारी बारिश; मुंबई में लैंडस्लाइड, बिहार में बिजली गिरी

दिल्ली। देश के मध्य और पूर्वी हिस्से में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मध्यप्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में नमी पहुंच रही है, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है।
मध्यप्रदेश में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। भोपाल में लगातार तीसरे दिन स्कूल बंद रहे। शहर में दो दिनों के दौरान 8.57 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे करीब 200 मकानों में ढाई फीट तक पानी भर गया। रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। शिवपुरी में NH-46 पर करीब एक फीट पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। प्रदेश में अब तक करीब 19.6 इंच बारिश हो चुकी है।
मुंबई में भी भारी बारिश के बाद कुर्ला के अशोक नगर इलाके में लैंडस्लाइड हुई। बुधवार तड़के मिट्टी का बड़ा हिस्सा गिरने से दो-तीन घर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि 8 लोगों को रेस्क्यू किया गया। घाटकोपर में भी लैंडस्लाइड वाली जगह से एक और शव मिलने की सूचना है। राहत और बचाव अभियान जारी है।
बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ाई है। बांका में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग झुलस गए। नवादा में भी बिजली गिरने से 3 मजदूरों की जान चली गई।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और भूस्खलन से नुकसान हुआ है। चमोली की नीती घाटी में बादल फटने के बाद तेज बहाव में 17 टन का वैली ब्रिज बह गया। वहीं, हिमाचल में शिमला-धर्मशाला NH-205 पर चट्टान गिरने से एक व्यक्ति की मौत और दो लोग घायल हुए।
देश के कई अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश, जलभराव और नदियों के बढ़ते जलस्तर से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।



