ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आज बारिश का अलर्ट: कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जबकि बिलासपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का दौर चलने का अनुमान है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बिलासपुर में तेज बारिश से जलभराव

बिलासपुर में तेज बारिश के कारण निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। कुछ इलाकों में घरों के आंगन तक घुटने भर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जगदलपुर और दुर्ग सबसे गर्म

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर और दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सामान्य से 5% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 650.9 मिमी यानी करीब 25.6 इंच बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 686.6 मिमी यानी 27 इंच होनी चाहिए थी। इस लिहाज से प्रदेश में बारिश सामान्य से 5% कम है। हालांकि मौसम विभाग ने इसे सामान्य श्रेणी में रखा है। आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से इस कमी के पूरा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button