छत्तीसगढ़ में 20 हजार के लक्ष्य के मुकाबले 23 हजार डबरियों को मंजूरी: महिलाओं के नाम पर बनेंगी, मछली पालन और खेती से बढ़ेगी कमाई

पिछले साल लक्ष्य से 50% ज्यादा हुआ निर्माण, पीवीटीजी परिवारों को भी प्राथमिकता
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गांवों में जल संरक्षण के साथ महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों की आय बढ़ाने के लिए आजीविका डबरी अभियान चलाया जा रहा है।
वीबी जीरामजी योजना के तहत पिछले साल 10 हजार डबरियां बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 15 हजार का निर्माण किया गया। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार डबरियों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 23 हजार से अधिक को ग्रामसभाओं की मांग और अनुमोदन के बाद स्वीकृति मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 दिसंबर 2025 को इस अभियान की शुरुआत की थी। इसकी खास बात यह है कि डबरियों का निर्माण महिलाओं की निजी भूमि पर कराया जा रहा है और सूचना पटल पर उनका नाम दर्ज किया जा रहा है। इससे महिलाओं के नाम स्थायी परिसंपत्ति तैयार होगी, जो भविष्य में आमदनी का साधन भी बन सकती है।
मछली पालन, सिंचाई और सब्जी उत्पादन से बढ़ेगी आय
डबरियां केवल बारिश का पानी जमा करने तक सीमित नहीं रहेंगी। इनके जरिए मछली पालन, खेतों की सिंचाई, सब्जी उत्पादन और बागवानी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इससे परिवारों को खेती के साथ अतिरिक्त कमाई का अवसर मिलेगा। पीवीटीजी परिवारों को सिंचाई की सुविधा मिलने से कृषि गतिविधियों का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
बैगा परिवारों सहित कई हितग्राहियों को लाभ
कबीरधाम के अधरूराम बैगा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के हीरालाल बैगा, जशपुर की रजनी बाई, बलरामपुर की पुष्पा देवी और कोंडागांव की सोनादई पोयाम को इस अभियान का लाभ मिल रहा है।
डबरी निर्माण से ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। निर्माण के बाद यही डबरियां परिवारों के लिए लंबे समय तक आजीविका का साधन बन सकती हैं।
क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या शून्य हुई
अभियान के बाद प्रदेश में जल के लिहाज से एक भी क्रिटिकल विकासखंड नहीं बचा है। वहीं सेमी-क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या 21 से घटकर 19 हो गई है। योजना में पारदर्शिता के लिए डबरियों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। हर महीने की 7 तारीख को रोजगार दिवस और आवास दिवस पर ग्रामीणों को इनके जरिए परिसंपत्तियों की जानकारी लेने की प्रक्रिया बताई जाती है।





