StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

लोकभवन में मनाया गया संविधान दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

रायपुर। लोकभवन रायपुर में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल की उप सचिव निधि साहू सहित सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने संविधान में निहित मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। इसके साथ ही भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना।

प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता और समानता का संकल्प

संविधान की प्रस्तावना को उसकी मूल भावना और उद्देश्यों का परिचायक माना जाता है। इसकी शुरुआत ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से होती है। यह स्पष्ट करता है कि संविधान की शक्ति का स्रोत देश की जनता है।

प्रस्तावना में भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया है। इसमें सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय देने के साथ विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की बात कही गई है। इसके अलावा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश

संविधान की प्रस्तावना में सभी नागरिकों के बीच बंधुता बढ़ाने का संकल्प भी शामिल है, ताकि व्यक्ति की गरिमा के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित हो सके। संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन इसी लोकतांत्रिक भावना और संवैधानिक मूल्यों को याद करने का अवसर है।

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में इन मूल्यों का पालन करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button