ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कोरवा समुदाय के युवक की हत्या, शराब के नशे में विवाद के बाद आरोपियों ने पत्थर से सिर कुचला

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सन्ना थाना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए मामूली विवाद के बाद पहाड़ी कोरवा समुदाय के एक 30 वर्षीय युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बलादरपाठ (कंदरई) निवासी भगुआ राम के रूप में हुई है। इस पूरी वारदात का एक खौफनाक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लकड़ी बेचने आया था युवक, नशे में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, भगुआ राम सोमवार को सन्ना में लकड़ी बेचने आया हुआ था। शाम के समय जब वह ग्राम पंचायत भवन की ओर जा रहा था, तभी आरोपी पिता और बेटा उसके पास पहुँचे। तीनों ही शराब के नशे में धुत थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर भगुआ राम ने अपने पास मौजूद डंडे से आरोपियों को डराने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित आरोपियों में से एक ने अचानक भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर दे मारा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दूसरे आरोपी ने भी ज़मीन पर तड़प रहे भगुआ राम के सिर पर पत्थर से दो-तीन बार ताबड़तोड़ वार कर दिए।

CCTV में कैद हुई वारदात, इलाज से पहले मौत

घटनास्थल के पास पंचायत भवन में लगे CCTV कैमरे में यह पूरी निर्मम वारदात कैद हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे, तो दोनों आरोपी वहाँ से फरार हो गए।

ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में घायल भगुआ राम को सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वायरल सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-बेटे दोनों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button