जहां बिजली नहीं, वहां सूरज से पहुंचा पानी: गरियाबंद के पहाड़ी गांव में 11 कमार परिवारों की बदली जिंदगी

रायपुर। गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच बसे गहन्दर गांव में अब महिलाओं को पानी के लिए पहाड़ी रास्तों से नाले और झरनों तक नहीं जाना पड़ता।
कभी मटमैले पानी को कई बार छानकर पीने लायक बनाना पड़ता था, लेकिन अब घरों में नल से स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। खास बात यह है कि गांव में बिजली तक नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना ने यहां रहने वाले 11 कमार जनजाति परिवारों की जिंदगी बदल दी है।
11 किमी जंगल के रास्ते पहुंचते हैं गांव
गहन्दर ग्राम पंचायत बारूका का आश्रित गांव है। यहां पहुंचने के लिए करीब 11 किलोमीटर का जंगली रास्ता पार करना पड़ता है। पहाड़ी पर बसे इस गांव में चारपहिया वाहन से पहुंचना संभव नहीं है।
हाथी, हिरण समेत वन्यजीवों की आवाजाही वाले इस इलाके में कमार जनजाति के परिवार मुख्य रूप से वनोपज संग्रहण से आजीविका चलाते हैं।
पहले ग्रामीण मौसमी नाले और झरनों पर निर्भर थे। गांव से कुछ दूरी पर हैंडपंप भी था, लेकिन पानी लाने में महिलाओं का काफी समय और श्रम खर्च होता था। अब सौर ऊर्जा से संचालित योजना के जरिए हर घर में नल कनेक्शन दिया गया है। अक्टूबर 2024 में गांव को ‘हर घर जल’ घोषित किया गया।
घर में उग रहीं साग-सब्जियां, खानपान भी बदला
नल से पानी मिलने के बाद महिलाओं को घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाने में राहत मिली है। संत कुमारी और जयंती बाई अब घर में बचने वाले पानी से साग-सब्जियां उगा रही हैं। पहले इसके लिए दूसरे गांवों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे परिवारों के भोजन में पौष्टिक सब्जियां शामिल होने लगी हैं।
सरपंच छत्रपाल कुंजाम के मुताबिक, गांव के हर घर तक पानी पहुंचना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत है। अब महिलाएं पानी लाने में लगने वाला समय बचाकर अपने पारंपरिक काम और परिवार पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं।





