ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धान का रकबा घटने की शिकायत पर कलेक्टर खुद करेंगे जांच: CM साय ने पारस पोर्टल की समीक्षा में दिए निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबे में कमी की शिकायतों को गंभीरता से लिया है।

उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि ऐसी शिकायत मिलने पर वे खुद जांच करें और तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मंत्रालय में पारस पोर्टल की तीसरी समीक्षा बैठक में सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए रायपुर और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में पाइपलाइन से घरों तक गैस पहुंचाने के काम में तेजी लाने को कहा।

कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएनजी के किफायती और सुरक्षित होने की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा छात्रावासों, स्कूलों की सामुदायिक रसोई और सर्किट हाउस में भी इसका उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

जल जीवन मिशन के ठेकेदारों का भुगतान समय पर करें

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कामों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और हर महीने समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों ने काम पूरा कर लिया है, उनका भुगतान समय पर किया जाए।

बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित करें और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करें। मिशन अमृत 2.0 के तहत पेयजल और सीवेज परियोजनाओं को भी तय समय में पूरा करने को कहा।

वन स्वीकृति के लंबित मामले निपटाने के निर्देश

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वन स्वीकृति के लंबित मामलों को अगली समीक्षा बैठक से पहले निपटाने के निर्देश दिए गए। जरूरत के प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजने को कहा गया।

700 औद्योगिक सुधारों का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाएं

मुख्यमंत्री ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत लागू 700 सुधारों के प्रभाव का नियमित मूल्यांकन करने और उद्यमियों को इनके लाभ बताने के निर्देश दिए।

साथ ही सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का प्रचार बढ़ाने को कहा, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। बैठक में मुख्य सचिव विकासशील सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button