प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के लिए आया ‘धरोहर’ पोर्टल: AI से तैयार होंगे दस्तावेज, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की सुविधा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए नया ‘धरोहर’ पोर्टल शुरू किया जा रहा है। इसका पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में शुरू हुआ है।
पोर्टल के जरिए दस्तावेज तैयार करने से लेकर अपॉइंटमेंट बुकिंग, संपत्ति के मूल्यांकन और शुल्क भुगतान तक की प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डीड ड्राफ्टिंग की सुविधा भी मिलेगी।
पहले रायपुर के एक कार्यालय में परीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में विभाग ने यह पहल की है। पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य नई व्यवस्था की तकनीकी जांच करना और खामियों को दूर करना है।
फिलहाल रायपुर के अन्य कार्यालयों और प्रदेश के बाकी जिलों में पुरानी एनजीडीआरएस प्रणाली से रजिस्ट्री का काम सामान्य रूप से जारी रहेगा। परीक्षण के बाद ही इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
33 वकीलों और 2 दस्तावेज लेखकों की आईडी मंजूर
पोर्टल पर रायपुर जिले में 33 अधिवक्ताओं और 2 दस्तावेज लेखकों की आईडी अनुमोदित की गई हैं। इनके जरिए वे रजिस्ट्री कराने वाले पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। लाइसेंस के लिए आवेदन, नवीनीकरण और प्रोफाइल अपडेट की सुविधा भी दी गई है।
फर्जी रजिस्ट्री रोकने में मिलेगी मदद
पोर्टल पर एआई आधारित डीड ड्राफ्टिंग, मॉडल डीड डाउनलोड और दस्तावेजों की शर्तों से जुड़े सुझाव मिलेंगे। आधार ई-केवाईसी से पहचान सत्यापन और डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा भी प्रस्तावित है। इससे फर्जी पहचान के जरिए रजिस्ट्री की आशंका कम होगी।
UPI और कार्ड से जमा होगा शुल्क
संपत्ति का स्वचालित मूल्यांकन और स्टाम्प व पंजीयन शुल्क की गणना होगी। भुगतान यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और एनईएफटी-आरटीजीएस से किया जा सकेगा। परीक्षण के दौरान मिले सुझावों के आधार पर पोर्टल में सुधार कर इसे पूरे प्रदेश में लागू करने की तैयारी है।





