ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट: बिलासपुर, कोरबा समेत 4 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी; 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में कुछ स्थानों पर 204.5 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के 17 अगस्त के बुलेटिन के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना अवदाब बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसका असर गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के साथ छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।

अंबिकापुर में 64.8 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हुई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर में 64.8 मिमी, लालपुर रायपुर में 58 मिमी और माना एयरपोर्ट में 28.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 9% कम है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

बलौदाबाजार, बलरामपुर, बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर और सरगुजा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दुर्ग, गरियाबंद, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरिया, महासमुंद और एमसीबी में भी भारी बारिश के आसार हैं।

अगले 48 घंटे भी बारिश से राहत नहीं

19 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश और एक-दो जगह भारी बारिश की संभावना है। 20 और 21 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। 22 अगस्त को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, हालांकि विशेष चेतावनी नहीं है।

Related Articles

Back to top button