महादेव घाट के विसर्जन कुंड में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, शाम 7 बजे तक 30 प्रतिमाएं विसर्जित

खारून नदी में प्रतिमा विसर्जन पर रोक, व्यवस्था संभालने नगर निगम की टीम तैनात
रायपुर। राजधानी रायपुर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। महादेव घाट पर पाटन पुलिया के पास बनाए गए विसर्जन कुंड में भक्त माता रानी को विदाई दे रहे हैं।
शाम 7 बजे तक यहां 30 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था। जयकारों के बीच भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। विसर्जन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने नगर निगम की टीम तैनात है।
शारदीय नवरात्रि के समापन के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला लगातार जारी है। भक्त पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को लेकर महादेव घाट पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने विसर्जन कुंड पर जरूरी इंतजाम किए हैं, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
नगर निगम के अधिकारी कर रहे निगरानी
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की टीम विसर्जन स्थल पर व्यवस्था संभाल रही है। जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा सहित अधिकारी-कर्मचारी मौके पर तैनात हैं। टीम विसर्जन की व्यवस्था पर नजर रख रही है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम कर रही है।
खारून नदी में सीधे विसर्जन पर प्रतिबंध
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के तहत खारून नदी में सीधे दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन प्रतिबंधित है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भक्तों को महादेव घाट पर पाटन पुलिया के पास बने निर्धारित विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाएं विसर्जित करनी हैं।
नियमों का पालन कराने और नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर निगम की टीम लगातार निगरानी कर रही है। विसर्जन का क्रम जारी रहने के साथ ही प्रशासन की नजर व्यवस्थाओं पर बनी हुई है।





