छत्तीसगढ़ के 2 कलाकारों को राष्ट्रीय सम्मान, जशपुर के आनंद पांडेय और सारंगढ़ के घनश्याम साहू सम्मानित

उत्कृष्ट अभिनय और नाट्य लेखन के लिए मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। जशपुर के डॉ. आनंद पांडेय और सारंगढ़ के घनश्याम साहू को संगीत नाटक अकादमी के प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली के रविंद्र भवन स्थित मेघदूत थिएटर परिसर में 19 अक्टूबर को आयोजित समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दोनों कलाकारों को सम्मान प्रदान किया।
डॉ. आनंद पांडेय को रंगमंच में उत्कृष्ट अभिनय और घनश्याम साहू को विशिष्ट नाट्य लेखन व छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए यह पुरस्कार मिला है। दोनों कलाकारों की उपलब्धि से प्रदेश के कला और रंगमंच जगत में खुशी का माहौल है।

जशपुर में रंगमंच को दी नई पहचान
जशपुर के आदिवासी अंचल में रंगमंच को आगे बढ़ाने वाले डॉ. आनंद पांडेय ने अभिनय के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका सम्मान दूरस्थ क्षेत्रों में कला साधना कर रहे कलाकारों के लिए प्रेरणा है। यह उपलब्धि बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
छत्तीसगढ़ी सिनेमा को भी मिला सम्मान
सारंगढ़ के घनश्याम साहू को नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों की पटकथा लेखन में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और सिनेमा से जुड़े रचनाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।
संस्कृति मंत्री ने दी बधाई
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दोनों कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले कलाकार प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि दोनों की उपलब्धि युवा कलाकारों, रंगकर्मियों और लेखकों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।





