राजनांदगांव पुलिस लाइन में SP अंकिता शर्मा ने की शस्त्र पूजा

राइफल, रिवॉल्वर, गोला-बारूद और वाहनों का पूजन; हर्ष फायर कर निभाई परंपरा
राजनांदगांव। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की मौजूदगी में राइफल, रिवॉल्वर, गोला-बारूद समेत पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों का विधि-विधान से पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न हुई। इसके बाद एसपी ने हर्ष फायर कर परंपरा निभाई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और जवान शामिल हुए। विजयादशमी पर शस्त्र पूजा की परंपरा के तहत पुलिस के शस्त्रागार में रखे हथियारों की पूजा की गई। इसके साथ ही विभागीय वाहनों पर तिलक लगाकर उनका भी पूजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
पुलिस लाइन स्थित रक्षित आरक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पंडित ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना कराई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अनुष्ठान में हिस्सा लिया। इसके बाद एसपी अंकिता शर्मा ने हर्ष फायर कर शस्त्र पूजन की परंपरा पूरी की।
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाले हथियारों और वाहनों का पूजन कर उनकी उपयोगिता और जिम्मेदारी को याद किया जाता है।
एसपी ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं
पूजा-अर्चना के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मीडिया के माध्यम से जिले के नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के अवसर पर लोगों के लिए मंगलकामना की। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और जवान मौजूद रहे।





