ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रावघाट पहुंची पहली बार ट्रेन, रायपुर-कुरूद के बीच भी शुरू हुई रेल सेवा

54 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं पर काम, रायपुर में बनेगी इलेक्ट्रिक इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को सोमवार को बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई।

आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक पहुंची रेल

ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद पहली बार रावघाट रेल नेटवर्क से जुड़ा है। करीब 1,628 करोड़ रुपए की दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना की कुल लंबाई लगभग 95 किलोमीटर है। इस रेल सेवा से बस्तर के दूरस्थ और जनजातीय इलाकों का रायपुर समेत दूसरे प्रमुख शहरों से संपर्क बेहतर होगा। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना सिर्फ एक परियोजना का पूरा होना नहीं, बल्कि बस्तर के विकास की नई शुरुआत है। रेल संपर्क बढ़ने से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और व्यापार, पर्यटन व उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेश में 54 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में करीब 54 हजार करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस साल प्रदेश को 7,470 करोड़ रुपए का रेलवे बजट मिला है। वर्ष 2014 के बाद राज्य में 1,328 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं। वहीं, 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है, जिनमें से आठ का काम पूरा हो चुका है।

रायपुर में 300 इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की सुविधा

रायपुर में बनने वाली आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता होगी। इससे रेल परिचालन और माल परिवहन को मजबूती मिलेगी।

वहीं, अभनपुर से कुरूद के बीच करीब 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा होने से रायपुर-कुरूद यात्री सेवा शुरू हुई है। कुरूद से धमतरी तक शेष काम पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा के विस्तार का रास्ता और आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रावघाट-जगदलपुर सहित प्रस्तावित रेल परियोजनाएं प्रदेश के दूरस्थ इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए बाजार और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर परिवहन सुविधाओं के नए अवसर बनेंगे।

Related Articles

Back to top button