ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता: 3100 खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने मंत्री केदार कश्यप के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इस बीच सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने खरीदी व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तौल मशीन और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान भी समय पर किया जाए।

प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता

मंत्री कश्यप ने बताया कि इस वर्ष किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की एक समान आदान सहायता दी जा रही है।

खास बात यह है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता मिलेगी। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के साथ ही छोटे, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी।

3100 केंद्रों पर बायोमेट्रिक से खरीदी

मंत्री ने अधिकारियों को सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और धान की स्टैकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। धान के उठाव और भंडारण में लापरवाही रोकने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रदेश की सहकारी समितियों के करीब 3100 उपार्जन केंद्रों को सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है। पारदर्शिता के लिए बायोमेट्रिक आधारित खरीदी व्यवस्था लागू की गई है। किसान घर बैठे तुंहर टोकन ऐप से भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

समय पर भुगतान के लिए नकदी की व्यवस्था

सहकारिता मंत्री ने अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अधिकारियों को खरीदी के दौरान पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को भुगतान में देरी न हो।

उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से निर्धारित गुणवत्ता का धान खरीदने और अल्पकालीन कृषि ऋणों की कंप्यूटर प्रविष्टि समय पर करने को भी कहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button