ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

किसान ने बेचा 18 क्विंटल धान: 21 क्विंटल से कम उपज बेचने वालों को भी अंतर की पूरी राशि देगी सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही उपार्जन केंद्रों में किसानों की आवाजाही बढ़ गई है। खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं के बीच किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में दंतेवाड़ा जिले के गीदम धान उपार्जन केंद्र में किसान बृज बिहारी वेक ने 18 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बताते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताई।

किसान बृज बिहारी वेक को धान बेचने के लिए 18 क्विंटल का टोकन मिला था। निर्धारित तारीख पर वे अपनी उपज लेकर गीदम केंद्र पहुंचे। यहां उनकी मौजूदगी में धान की तौल और खरीदी की प्रक्रिया पूरी की गई। किसान के मुताबिक, उन्हें धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

21 क्विंटल से कम धान बेचने वालों को भी राहत

धान खरीदी के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की एक घोषणा ने किसानों की खुशी बढ़ा दी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की पूरी राशि का लाभ दिया जाएगा।

इस फैसले से उन छोटे और सीमांत किसानों को विशेष राहत मिलेगी, जिनकी उपज प्रति एकड़ निर्धारित खरीदी सीमा से कम रहती है। ऐसे किसानों को अब कम उत्पादन के कारण आर्थिक नुकसान की चिंता नहीं रहेगी।

सरकार के इस निर्णय से बस्तर संभाग सहित प्रदेशभर के किसानों में उत्साह है। वहीं, उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थित तौल और खरीदी प्रक्रिया से किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है। गीदम केंद्र में बृज बिहारी वेक द्वारा 18 क्विंटल धान का विक्रय इसी व्यवस्था की एक तस्वीर पेश करता है।

Related Articles

Back to top button