ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जशपुर में 1.97 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 4 गांवों में बनेंगे महतारी सदन

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इनमें चार महतारी सदन, चार सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है।

सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले महतारी सदनों का भूमिपूजन किया।

इन चार भवनों पर कुल 1.20 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यहां ग्रामीण महिलाएं सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां संचालित कर सकेंगी। साथ ही स्वरोजगार से जुड़ी पहल और आपसी संवाद के लिए भी उन्हें जगह मिलेगी।

इसी तरह ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13.27 लाख रुपए प्रति भवन की लागत से चार सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। इसके अलावा पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपए की पुलिया का भूमिपूजन किया गया।

वहीं मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14.48 लाख रुपए की लागत से बनी सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। अब महतारी सदनों के माध्यम से उन्हें सामाजिक गतिविधियों और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button