ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

7 एकड़ में गेंदा की खेती, सालाना 35 लाख तक कमाई; छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक फूलों की सप्लाई

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल के किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूल की खेती को कमाई का बड़ा जरिया बना लिया है। वे 7 से 8 एकड़ में गेंदा उगाते हैं और सालाना करीब 35 लाख रुपए तक की आमदनी कर रहे हैं।

उनके खेतों में तैयार फूलों की मांग छत्तीसगढ़ के कई जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक है। दशहरा से दीपावली के बीच मांग बढ़ने पर रोजाना 12 से 15 वाहनों में फूल भेजे जाते हैं।

विद्याधर के मुताबिक, एक एकड़ में गेंदा फूल की खेती से करीब 5 लाख रुपए तक की बिक्री होती है। इसमें लगभग 1 से 1.5 लाख रुपए लागत आती है। रायगढ़ के अलावा सारंगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर में फूलों की आपूर्ति की जाती है।

वहीं ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ तक उनके खेतों के फूल पहुंचते हैं।

विद्याधर पहले सब्जियों की खेती करते थे। रायपुर और रायगढ़ में कृषि प्रदर्शनी के दौरान गेंदा फूल की मांग और बिक्री देखकर उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती शुरू की। शुरुआती दिनों में समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा रहता था।

इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लिया और पॉलीबैग में पौधे तैयार करने की नई तकनीक अपनाई।

इससे फूलों की बिक्री का समय बढ़ा और नुकसान की आशंका कम हुई। खेतों में पाइपलाइन के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।

गेंदा के अलावा वे 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियां उगाते हैं। अपनी बाड़ी में पारंपरिक छत्तीस भाजी भी तैयार करते हैं।

फूलों का सीजन खत्म होने के बाद सब्जियों की खेती पर ध्यान देते हैं। उनकी यह पहल बताती है कि तकनीक, मेहनत और बाजार की मांग के अनुसार फसल चुनकर खेती को बेहतर मुनाफे का व्यवसाय बनाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button