धरसींवा के 144 गांवों तक पहुंचेगी सेवा संवाद यात्रा, 27.53 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर। रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में इन कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें सिंचाई, सड़क, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े काम शामिल हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए शेड और पेवर ब्लॉक निर्माण के साथ चरौदा में नया मंगल भवन बनाने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में शुरू हुई सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी।
इसके जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं और जरूरतें समझना जरूरी है।
साय ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। भूमिपूजन किए गए कार्यों से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। ग्रामीण सड़कों और बिजली व्यवस्था का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय इसी दिशा में उठाया गया कदम था।
कुल राशि में से जल संसाधन विभाग के 13.97 करोड़, लोक निर्माण विभाग के 4.56 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2.20 करोड़ और बिजली विभाग के 6.79 करोड़ रुपए के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





