टीम इंडिया में खेलेंगी छत्तीसगढ़ की दो बेटियां, पलक ने 106 की रफ्तार से फेंकी गेंद; महक ने लिए 20 विकेट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो युवा क्रिकेटरों ने अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला अंडर-19 टीम में जगह बनाई है। रायपुर की पलक सिंह और राजनांदगांव की महक नरवसे का चयन इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए हुआ है। सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी। जनवरी 2027 में होने वाले अंडर-19 टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज अहम मानी जा रही है।
13 हजार खिलाड़ियों में पलक ने दिखाई सबसे तेज रफ्तार
15 वर्षीय मध्यम तेज गेंदबाज पलक सिंह ने WPL की स्पीड क्वीन टैलेंट हंट प्रतियोगिता में अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा। देशभर के 13 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों के बीच जोनल ट्रायल में उन्होंने 108 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। मुंबई में हुए फाइनल में 106 किमी प्रति घंटे की गति दर्ज कर गोल्ड मेडल जीता।
इसके बाद पलक को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विशेष प्रशिक्षण का मौका मिला। घरेलू सीजन में उन्होंने आठ मैचों में पांच विकेट लिए। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें WPL 2027 की नीलामी सूची में 10 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ शामिल किया गया है।
कपड़े धोने वाली थापी से शुरू किया क्रिकेट का सफर
राजनांदगांव की महक नरवसे की कहानी भी प्रेरणादायक है। उन्होंने बचपन में कपड़े धोने वाली लकड़ी की थापी को बल्ला बनाकर प्लास्टिक बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया था। पिता के मुताबिक, कोच मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में महक ने शुरुआती दिनों में लड़कों के साथ अभ्यास किया।
जून 2026 में श्रीलंका दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान रह चुकीं महक को एक बार फिर राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। उन्होंने 2025-26 के सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट में नौ मैचों में 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट लिए। महिला अंडर-19 वनडे में भी चार मैचों में 67 रन और आठ विकेट हासिल किए। अब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।





