सड़क हादसों में 10 की मौत, 7 सेना के जवानों के परिजन

दिल्ली। गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो सड़क हादसों में 10 लोगों की जान चली गई। कच्छ में ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की मौत हुई। मृतकों में महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं।
सभी उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे। वहीं, जूनागढ़ में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पलटने के बाद आग लग गई। हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई।
कच्छ: रण ऑफ कच्छ से लौटते समय हादसा
कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई। उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें तीन महीने की बच्ची भी थी।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), पत्नी सविता (30), बेटी शिविका (3 माह), राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षित (7), रिंकी गोसाईं (30) और वामिका (4) के रूप में हुई है। सभी रण ऑफ कच्छ घूमकर भुज लौट रहे थे। कार के मलबे में शव फंसने के कारण बचाव दल को उन्हें निकालने में कई घंटे लगे।
जूनागढ़: कार पलटने के बाद लगी आग
दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थर से टकराई और पलट गई। इसके बाद कार में आग लग गई। उसमें सवार चार लोगों में से तीन की जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। उनकी उम्र 25 से 27 साल के बीच थी।
कार में आगे की सीट पर बैठीं इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा शीशा टूटने से बाहर उछलकर खेत में जा गिरीं। इससे उनकी जान बच गई। उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
पीएम ने दो-दो लाख की मदद घोषित की
दोनों घटनाओं की सूचना पर पुलिस, दमकल और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्छ हादसे में मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपए की सहायता घोषित की है। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।





