StateNewsदेश - विदेश

अयोध्या से जनकपुर पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस: 19 घंटे में पूरा हुआ सफर, जय श्रीराम के नारों से गूंजा स्टेशन

दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस मंगलवार सुबह नेपाल के जनकपुर धाम पहुंच गई। अयोध्या से सोमवार दोपहर रवाना हुई ट्रेन ने करीब 19 घंटे का सफर पूरा किया।

जनकपुर स्टेशन पर ट्रेन और यात्रियों का स्वागत किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर जय श्रीराम और जय मां सीता के जयघोष से गूंज उठा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इस साप्ताहिक ट्रेन सेवा की शुरुआत की। ट्रेन अयोध्या से जनकपुर के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।

इससे श्रद्धालु भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

बिहार के कई स्टेशनों पर हुआ स्वागत

ट्रेन अयोध्या से रवाना होने के बाद मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर होते हुए बिहार पहुंची। नरकटियागंज और रक्सौल में भी यात्रियों का स्वागत किया गया। रक्सौल से 127 यात्री सवार हुए, जिनमें 35 महिलाएं थीं। सीतामढ़ी स्टेशन से 85 यात्रियों ने जनकपुर के लिए सफर शुरू किया। यहां सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

यात्रियों ने इस सुविधा को भारत-नेपाल के रिश्तों के लिए अहम बताया। एक महिला यात्री ने कहा कि पहले जनकपुर जाने की योजना बनानी पड़ती थी, लेकिन अब सीधे ट्रेन से पहुंचना आसान होगा। ट्रेन में यात्रियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था इस्कॉन की ओर से की गई थी।

10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होते हुए नेपाल पहुंचेगी। इसके रूट में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी।

यह साप्ताहिक सेवा है। अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए ट्रेन सोमवार को और जनकपुर से अयोध्या के लिए शनिवार को चलेगी। जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी।

रामायण सर्किट और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

ट्रेन में कुल 17 कोच हैं। इनमें थर्ड एसी के 6, सेकेंड एसी के 2 और स्लीपर के 7 कोच शामिल हैं। दो अन्य कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री के लिए हैं। अयोध्या और जनकपुर का धार्मिक महत्व दोनों देशों को जोड़ता है।

मान्यता है कि अयोध्या भगवान राम की जन्मस्थली और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है। दोनों के बीच सीधा रेल संपर्क बनने से रामायण सर्किट को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button