StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

धान खरीदी में गड़बड़ी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई: प्रभारी सचिव ने 5 केंद्रों का किया निरीक्षण

बारिश से गीले हुए खरीदी केंद्रों के फड़; टोकन लेने के बाद धान नहीं बेच पाए किसानों को मिलेगी नई तारीख

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने अधिकारियों को खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर मुख्य सचिव पिंगुआ ने सोमवार को बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने चेकलिस्ट के आधार पर केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा नोडल अधिकारियों को रोज खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने सामने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच भी कराई।

बारिश से खरीदी प्रभावित, किसानों को मिलेगा नया टोकन

पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश के कारण केंद्रों में किसानों की आवक कम रही। खरीदी परिसर के फड़ गीले होने से किसान धान बेचने नहीं पहुंच रहे हैं। पिंगुआ ने निर्देश दिए कि बारिश के कारण टोकन मिलने के बावजूद धान नहीं बेच पाए किसानों को उनकी सुविधा के अनुसार नई तारीख का टोकन जारी किया जाए। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी भरने से तैयार फसल की हार्वेस्टर से कटाई में परेशानी होगी।

150 किसानों के रिकॉर्ड सुधार का प्रस्ताव भेजा

प्रभारी सचिव ने खरीदे गए धान की सुरक्षा व्यवस्था भी देखी। तिरपाल से ढके होने के कारण धान सुरक्षित मिला। रानीगांव में करीब 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं। इनमें 250 का सुधार हो चुका है, जबकि बाकी 150 के रिकॉर्ड सुधार के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं।

उन्होंने रिकॉर्ड सुधार का काम प्राथमिकता से पूरा करने और प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा के अनुसार आदान सहायता मिलने संबंधी जानकारी का किसानों के बीच प्रचार करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button