छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में AI से पढ़ाई और रिसर्च: 500 से ज्यादा शिक्षक-कर्मचारियों को मिलेगी ट्रेनिंग, गूगल के साथ हुआ MOU

रायपुर7 छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी महाविद्यालयों में अब पढ़ाई, रिसर्च और प्रशासनिक कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच समझौता हुआ है।
रविवार को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मौजूदगी में एमओयू और एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पहले चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों और अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिक्षकों का विकल्प नहीं, मददगार बनेगा AI
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि एआई शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव लाने की क्षमता रखता है। यह शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और पढ़ाने के तरीके को बेहतर बनाने का माध्यम है।
इसके जरिए शिक्षक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, कठिन विषयों को आसान तरीके से समझाने और विद्यार्थियों के मूल्यांकन में मदद ले सकेंगे।
पत्राचार और सरकारी कामकाज में भी होगा इस्तेमाल
इस पहल का फायदा सिर्फ शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। कॉलेजों और उच्च शिक्षा विभाग के कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसकी मदद से पत्र तैयार करने, दस्तावेज बनाने, सूचनाओं का विश्लेषण करने और दूसरे कार्यालयीन कामों में समय बचाया जा सकेगा।
10 ऑफलाइन ट्रेनिंग सेशन भी होंगे
प्रारंभिक कार्यशाला में 500 से अधिक शिक्षकों के अलावा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे। जरूरत के मुताबिक ऑनलाइन ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि एआई से मिली हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में इस्तेमाल से पहले तथ्यों का सत्यापन करना जरूरी है।
उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों से तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की। इस मौके पर उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, आयुक्त रीता यादव और गूगल फॉर एजुकेशन की प्रतिनिधि ईशा पोरवाल जैन मौजूद थीं।





