StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बढ़ी ठंड, पहाड़ों पर जमने लगी झीलें: यूपी के 15 शहरों में घना कोहरा; छत्तीसगढ़ में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

दिल्ली। देशभर में सर्दी का असर तेज होने लगा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान गिरने के साथ सुबह घना कोहरा छा रहा है।

राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.6°C दर्ज किया गया, जबकि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल 12.4°C के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों में मध्य प्रदेश में पारा 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है।

छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह 15 शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। लखीमपुर में दृश्यता 25 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है। इससे सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ेगी।

कश्मीर से उत्तराखंड तक माइनस में पहुंचा तापमान

पहाड़ी राज्यों में सर्दी का असर और ज्यादा है। कश्मीर के छह शहरों में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। शोपियां में पारा माइनस 3.9°C और श्रीनगर में माइनस 0.4°C रहा।

हिमाचल प्रदेश के चंबा में ठंड के कारण मणिमहेश झील जम गई है। झील पर करीब 4 से 5 इंच मोटी बर्फ की परत बन गई है। उत्तराखंड के चारों धामों में भी तापमान माइनस में पहुंच चुका है।

गंगोत्री में सबसे कम माइनस 14°C, बद्रीनाथ में माइनस 11°C, यमुनोत्री में माइनस 8°C और केदारनाथ में माइनस 7°C दर्ज किया गया।

छत्तीसगढ़ में कोहरे के साथ बढ़ेगी ठिठुरन

छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में ठंड बढ़ने लगी है। पेंड्रा में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 17°C दर्ज किया गया। वहीं, रायपुर में सोमवार रात पारा 20.4°C रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। प्रदेश के बाकी इलाकों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 25 और 26 नवंबर को आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, 25 नवंबर को उत्तराखंड के साथ असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कोहरे का यलो अलर्ट है।

पंजाब और चंडीगढ़ में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। पठानकोट में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.1°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 नवंबर तक यहां रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

Related Articles

Back to top button