StateNewsउत्तर प्रदेशदेश - विदेश

पिकनिक से लौट रही स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत; 25 घायल

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हो गया। आगरा से पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रही स्कूल बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हैं। बस में 50 बच्चों समेत 60 लोग सवार थे। सभी बच्चे कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थी थे। कन्नौज के एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस सोमवार रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी।

मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन-210 के पास बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस एक्सप्रेसवे के किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आए आलू लदे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

बस का पिछला हिस्सा चकनाचूर, सीटों में फंसे बच्चे

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई सीटें उखड़ गईं और बच्चे उनके बीच फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहगीरों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। गंभीर हालत में स्कूल प्रबंधक सलमान और एक बच्चे को कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों में 8वीं और 10वीं के छात्र

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजिउल्लाह (16), जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। इनमें आर्यन और रजिउल्लाह आठवीं, जबकि जैद और अरमान दसवीं कक्षा के छात्र थे।

घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। वहीं, हादसे की एक आशंका चालक को झपकी आने की भी जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामूली रूप से घायल और सुरक्षित बच्चों को इलाज के बाद दूसरी बस से कौशांबी भेजा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button