StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बढ़ी ठंड, राजस्थान में 6.1 डिग्री पहुंचा पारा; MP-बिहार में बारिश, यूपी के 24 जिलों में कोहरा

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम बदलने से ठंड बढ़ने लगी है। राजस्थान के छह शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। फतेहपुर में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

वहीं, चक्रवात ‘अकवान’ के असर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी और सर्द हवाओं के कारण आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।

राजस्थान में सीकर में 7.7, उदयपुर में 8.7 और चूरू में 9.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने के साथ ठंड का असर बना रहेगा।

मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश हो रही है। रविवार को 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया। शाजापुर में पारा 9 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। ठंड के कारण उज्जैन में आठवीं तक के स्कूलों का समय सुबह 9 बजे के बाद कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ में रविवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। रायपुर और बस्तर में सुबह कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है।

बिहार में पटना समेत नौ जिलों में पिछले 24 घंटे में बारिश हुई। अगले 48 घंटे में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। हरियाणा में महेंद्रगढ़ 9.1 और पंजाब के फरीदकोट में 9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

उत्तराखंड के गंगोत्री में पारा माइनस 13 डिग्री तक पहुंच गया है। इधर, ठंड के साथ प्रदूषण भी बढ़ रहा है। बीकानेर में AQI 311, भिवाड़ी में 301 और दिल्ली में 265 दर्ज किया गया। खराब मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट पर 20 उड़ानें रद्द और चार डायवर्ट करनी पड़ीं।

Related Articles

Back to top button