महादेव सट्टा केस में शुभम सोनी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी: कल सौरभ चंद्राकर की रायपुर कोर्ट में पेशी, ED मांग सकती है रिमांड

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फरार आरोपी शुभम सोनी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया है। ED की स्पेशल कोर्ट ने मंगलवार को यह आदेश दिया।
शुभम सोनी नवंबर 2023 में एक वीडियो जारी कर चर्चा में आया था। उसने खुद को महादेव ऐप का असली मालिक बताते हुए दावा किया था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी के तौर पर दिए गए थे। हालांकि, ये उसके द्वारा लगाए गए आरोप हैं।
इधर, महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसकी रिमांड अवधि खत्म हो रही है। उसे ED और CBI के मामलों में अलग-अलग अदालतों में पेश किया जाना है। ED उससे आगे पूछताछ के लिए दोबारा कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है।
डिजिटल डेटा और दस्तावेजों की जांच
ED सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल डेटा और विदेश में संचालित कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से हासिल रकम विदेश कैसे भेजी गई और इस नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका थी। मामले में कुछ पुलिस अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
3500 करोड़ की संपत्ति अटैच
ED अब तक करीब 190 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। जांच के दौरान लगभग 2000 करोड़ रुपए जब्त या फ्रीज किए गए हैं, जबकि 3500 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की गई है। इसमें विदेश की करीब 1800 करोड़ रुपए की संपत्तियां शामिल हैं। दुबई की 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं।
एजेंसी के मुताबिक, फरवरी 2023 में दुबई के रास अल खैमाह में सौरभ चंद्राकर की शादी पर करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। इस रकम के स्रोत और लेन-देन की भी जांच की जा रही है।





