घर से शुरू किया मशरूम उत्पादन, अब 700 पैकेट तक पहुंचा कारोबार; कौशल्या बनीं लखपति दीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में बिहान योजना और महिला स्व-सहायता समूहों के सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।
जनपद पंचायत बास्तानार की ग्राम पंचायत कोड़ेनार निवासी कौशल्या सेठिया ने घर से मशरूम उत्पादन शुरू कर अपना कारोबार खड़ा किया है। आज उनका उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है। उनके मशरूम की मांग बास्तानार, जगदलपुर और पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी है।
प्रशिक्षण के बाद शुरू किया कारोबार
कौशल्या वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह के माध्यम से उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला।
इसके बाद उन्होंने वर्ष 2024 में घर से ही छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया। शुरुआत में संसाधन सीमित थे, लेकिन समूह और बिहान योजना से मिले सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।
एक लाख रुपए के ऋण से बढ़ाया उत्पादन
कौशल्या को स्व-सहायता समूह के जरिए सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज का लाभ मिला। कारोबार बढ़ाने के लिए उन्होंने वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपए का स्वयं सिद्धा ऋण लिया। इस राशि से उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाई और अब 700 पैकेट तक मशरूम तैयार कर रही हैं।
तीन जिलों के बाजारों तक पहुंचा उत्पाद
कौशल्या के अनुसार, मशरूम के एक पैकेट पर करीब 150 रुपए की लागत आती है। उत्पाद की बिक्री लगभग 400 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से होती है। ताजे मशरूम की मांग बढ़ने से उनका कारोबार अब व्यवस्थित आजीविका का रूप ले चुका है। इससे परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
कौशल्या की सफलता से गांव की दूसरी महिलाएं भी मशरूम उत्पादन और स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रही हैं। बिहान योजना के सहयोग से उनकी यह पहल ग्रामीण महिला उद्यमिता की मिसाल बन रही है।





