ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन: पद्मश्री विभूतियों, लोकतंत्र सेनानियों और सामाजिक संगठनों से मिले CM साय, एक-एक टेबल पर पहुंचकर जाना हालचाल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में बुधवार को दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रदेशभर से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, लोकतंत्र सेनानियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, सेवा, उद्योग, श्रमिक कल्याण और सामाजिक जागरण से जुड़े संगठनों की मौजूदगी ने समारोह को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का मंच बना दिया।

समारोह की खास बात मुख्यमंत्री साय का आत्मीय अंदाज रहा। वे खुद एक-एक टेबल पर पहुंचे और अतिथियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने, कलाकारों के योगदान की सराहना की और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली। अतिथियों के साथ दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी किया।

पद्मश्री विभूतियों और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान

समारोह में पद्मश्री सम्मानित सूफी गायक मदन सिंह चौहान, जनजातीय काष्ठ कलाकार पंडीराम मंडावी और भक्ति संगीत से जुड़े भारती बंधु विशेष रूप से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उनकी कला साधना और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करने में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनजातीय कला और संगीत प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोकतंत्र सेनानियों से भी मुख्यमंत्री ने संवाद किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष और योगदान को नमन किया।

शिक्षा, सेवा और सामाजिक संगठनों से चर्चा

समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती, विद्या भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल, वनवासी कल्याण आश्रम, विश्व हिंदू परिषद और विज्ञान भारती सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, जनजातीय कल्याण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके प्रयासों की जानकारी ली।

विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने वाली ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने इसे बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की अच्छी पहल बताया।

उद्योग और श्रमिक संगठनों की भी रही भागीदारी

लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन और श्रमिक कल्याण विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोगों की सरलता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के हर वर्ग की सहभागिता और समर्पण से ही विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने सभी अतिथियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button