ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कटघोरा-उरगा NH की जमीन की रजिस्ट्री बंद, मंत्री लखनलाल देवांगन ने कलेक्टर से कहा- प्रभावित भूखंड छोड़कर बाकी खोलें

कोरबा। कटघोरा-उरगा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से प्रभावित जमीनों की रजिस्ट्री लंबे समय से बंद होने के कारण जमीन मालिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने एनएच से वास्तव में प्रभावित नक्शा-खसरा और भूमि को छोड़कर बाकी अप्रभावित जमीनों की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति देने का आग्रह किया है।

मंत्री ने पत्र में कहा है कि कटघोरा-उरगा एनएच सड़क से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री और खरीदी-बिक्री पर रोक लंबे समय से लागू है। इसका असर ऐसे जमीन मालिकों पर भी पड़ रहा है, जिनकी भूमि सड़क परियोजना से प्रभावित नहीं है। रजिस्ट्री बंद होने से नागरिक अपनी जरूरत के मुताबिक जमीन का क्रय-विक्रय नहीं कर पा रहे हैं।

आर्थिक जरूरतों में भी आ रही दिक्कत

मंत्री के मुताबिक, कई भूमि स्वामी अपनी जमीन का उपयोग आर्थिक और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए करना चाहते हैं, लेकिन रजिस्ट्री बंद होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि एनएच के लिए जिन जमीनों की आवश्यकता है, उन्हें यथावत रखते हुए शेष अप्रभावित भूमि के संबंध में खरीदी-बिक्री की अनुमति दी जा सकती है।

प्रभावित जमीन को अलग रखने का आग्रह

देवांगन ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि कटघोरा-उरगा एनएच से वास्तव में प्रभावित नक्शा-खसरा और जमीन की पहचान कर उसे अलग रखा जाए। इसके अलावा जो भूमि परियोजना से प्रभावित नहीं है, उसकी रजिस्ट्री और खरीदी-बिक्री की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।

मंत्री ने कहा कि इससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए अप्रभावित भूमि की रजिस्ट्री खोलने की कार्रवाई शीघ्र करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि विकास परियोजनाओं के साथ आम लोगों की सुविधा और हितों का संरक्षण भी शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button