ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दूसरी महिला के घर पहुंचने पर पति-पत्नी में विवाद, 17 कॉल के बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के उमरपोटी में एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 14 अगस्त की रात की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले किसी दूसरी महिला के घर पहुंचने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने अपने पति को करीब दो घंटे के दौरान 17 बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 23 वर्षीय रवीना यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी 27 वर्षीय विपुल यादव से हुई थी। विपुल उमरपोटी में अपने चाचा के साथ रहकर प्लंबिंग का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात पति-पत्नी घर पर मौजूद थे। इसी दौरान एक अन्य महिला घर पहुंची, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद विपुल ने रवीना को कमरे में बंद कर दिया और दूसरी महिला के साथ वहां से चला गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच रवीना ने अपने पति को लगातार 17 बार फोन किया, लेकिन किसी भी कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बाद रवीना ने घर के कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली।

घटना की सूचना मिलने पर उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

नवविवाहिता की मौत होने के कारण पंचनामा की कार्रवाई महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button