StateNewsदेश - विदेश

1.20 करोड़ में अंडकोष बेचने का वीडियो देखा, 14 साल के बच्चे की हत्या; 3 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार

भोपाल। सोशल मीडिया पर 1.20 करोड़ रुपए में अंडकोष बेचने का दावा करने वाला वीडियो देखकर पांच युवकों ने खौफनाक साजिश रच डाली। तीन नाबालिग समेत पांच आरोपितों ने 14 वर्षीय बालक को 100 रुपए देने का लालच देकर सुनसान जगह बुलाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शरीर से अंग निकालकर बेचने की कोशिश की गई। तीन दिन तक खरीदार नहीं मिलने पर आरोपितों ने अंगों को भी छोटे तालाब में फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक चौराहों पर पेन और चाबी के छल्ले बेचता था और अपनी मां के साथ रहता था। छह अगस्त को वह इकबाल मैदान के पास सामान बेच रहा था। इसी दौरान दो नाबालिग आरोपित उसके पास पहुंचे। उन्होंने विवाद का बहाना बनाकर उसे खटलापुरा चलने और बदले में 100 रुपए देने की बात कही। लालच में बालक उनके साथ चला गया। रास्ते में अन्य साथी भी मिल गए और सभी उसे छोटे तालाब के सुनसान धोबीघाट इलाके में ले गए।

वीडियो देखकर बनाई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड तलैया निवासी बीबीए छात्र जोहेब खान है। उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा था, जिसमें अंडकोष निकालकर 1.20 करोड़ रुपए में बेचने का दावा किया गया था। इसके बाद उसने अपने 18 वर्षीय दोस्त आमिर कुरैशी और तीन नाबालिगों को साथ लेकर साजिश रची।

आरोपितों ने सुनसान जगह पर बालक पर चाकू से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शरीर से अंग निकालकर प्लास्टिक की थैली में रखे गए। शव को पहचान छिपाने के लिए छोटे तालाब में फेंक दिया गया।

10 अगस्त को मिला शव, टैटू से हुई पहचान

10 अगस्त को तालाब में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की मां ने भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शरीर पर बने ‘शंकर’ नाम के टैटू से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पांचों आरोपितों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, तीन दिन तक अंगों का कोई खरीदार नहीं मिला। इसके बाद आरोपितों ने उन्हें भी तालाब में फेंक दिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपितों को वीडियो किसने भेजा था। साइबर टीम मोबाइल से डिलीट किए गए कंटेंट को रिकवर करने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button