शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 250 अंक टूटा, निफ्टी 24,200 के नीचे; IT-रियल्टी शेयरों में बिकवाली

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार, 18 अगस्त को गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा टूटकर 77,500 के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं निफ्टी में करीब 50 अंकों की गिरावट है और यह 24,200 के आसपास कारोबार कर रहा है। बाजार में खासतौर पर IT और रियल्टी शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रही है।
निवेशकों की नजर आज IPO बाजार पर भी है। होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वेलरी मार्ट के IPO का मंगलवार को दूसरा दिन है। दोनों इश्यू में निवेशक 19 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे। ललिता ज्वेलरी मार्ट IPO के जरिए करीब 1,700 करोड़ रुपए जुटाने की योजना में है, जबकि होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स का लक्ष्य 2,600 करोड़ रुपए जुटाना है।
एशियाई बाजारों में भी दबाव
भारतीय बाजार के साथ ज्यादातर प्रमुख एशियाई बाजारों में भी मंगलवार को कमजोरी रही। जापान का निक्केई 1.62% गिरकर 68,099 पर रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.57% की गिरावट के साथ 6,933 पर कारोबार कर रहा था। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी 0.63% नीचे 25,291 के स्तर पर रहा।
अमेरिकी बाजार भी गिरावट में बंद
इससे पहले सोमवार, 17 अगस्त को अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट रही। डाउ जोन्स 273 अंक यानी 0.51% गिरकर 53,460 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 0.32% और S&P 500 में 0.52% की गिरावट रही।
FII ने 7 दिन में 3,540 करोड़ की बिकवाली की
विदेशी निवेशकों की बिकवाली भी बाजार पर दबाव बना रही है। पिछले 7 दिनों में FII/FPI ने 3,540 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी अवधि में 15,653 करोड़ रुपए की खरीदारी की है। पिछले 30 दिनों में FII/FPI की खरीदारी 349 करोड़ रुपए की रही।
सोमवार को भी बाजार गिरा था
17 अगस्त को सेंसेक्स 280 अंक गिरकर 77,728 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी करीब 78 अंक टूटकर 24,287 के स्तर पर बंद हुआ था। ऐसे में लगातार दूसरे कारोबारी दिन बाजार में दबाव देखने को मिल रहा है।





