StateNewsदेश - विदेश

NTA परीक्षा सुधार के लिए सरकार ने मांगे सुझाव, 13 सितंबर तक दे सकेंगे राय; नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में बनी टास्क फोर्स

दिल्ली। केंद्र सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं की व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में कदम बढ़ाया है। नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय हाई-पावर्ड टास्क फोर्स ने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों और नागरिक संगठनों समेत आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। टास्क फोर्स का मुख्य फोकस राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है।

केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के अनुसार, टास्क फोर्स परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा डिजाइन और तकनीक के इस्तेमाल में सुधार के सुझावों का अध्ययन करेगी। इसके अलावा पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने, संस्थागत व्यवस्था मजबूत करने तथा अभ्यर्थियों की परेशानियां कम करने के उपायों पर भी राय ली जा रही है।

13 सितंबर तक भेज सकेंगे सुझाव

आम लोग 13 सितंबर तक अंग्रेजी, हिंदी या क्षेत्रीय भाषाओं में अपने सुझाव दे सकते हैं। इसके लिए सरकार ने ऑनलाइन पोर्टल के साथ फोन, वाट्सऐप और ईमेल के माध्यम से राय देने की सुविधा उपलब्ध कराई है। सुझाव examreforms-taskforce.dopt.gov.in पर भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा 1800-180-4747 पर फोन और 7827042830 पर वाट्सऐप के जरिए ‘hptf’ लिखकर भी सुझाव दिए जा सकते हैं।

जुलाई में हुआ था टास्क फोर्स का गठन

केंद्र सरकार ने जुलाई में नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में इस टास्क फोर्स का गठन किया था। इसमें पूर्व आईबी निदेशक तपन डेका, पूर्व इसरो चेयरमैन एस. सोमनाथ, IIT मद्रास के निदेशक वी. कामकोटि, पूर्व शिक्षा सचिव अनिता करवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीणा शामिल हैं।

NTA में तीन नए अफसर नियुक्त

पेपर लीक विवाद के बाद NTA में भी तीन नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। IPS अधिकारी रवि कुमार सिंह और IAS अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी. को निदेशक बनाया गया है। वहीं IRS अधिकारी अमित समदरिया को संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। टास्क फोर्स की सिफारिशों के आधार पर परीक्षा व्यवस्था में आगे बड़े बदलाव किए जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button