StateNewsदेश - विदेश

पीएम मोदी उज्बेकिस्तान रवाना, 26वें SCO समिट में होंगे शामिल; व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को चार दिवसीय विदेश दौरे के लिए उज्बेकिस्तान रवाना हो गए। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान जाएंगे। यात्रा के पहले चरण में वह उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा है।

दोनों नेताओं के बीच बातचीत में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। व्यापार और निवेश के साथ रक्षा सहयोग, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे बातचीत के प्रमुख केंद्र में रहेंगे। दोनों पक्ष आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं।

दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। यहां वह 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में SCO के सदस्य देशों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन से इतर अन्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी कर सकते हैं।

भारत के लिए SCO शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय सहयोग, सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबले, कनेक्टिविटी और आर्थिक साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोदी की यात्रा के दौरान मध्य एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों को और विस्तार देने की कोशिश होगी।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ के साथ-साथ मध्य एशिया के साथ रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। व्यापार, निवेश और ऊर्जा सहयोग के नए अवसरों पर भी दोनों देशों के बीच चर्चा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button